फरीदाबाद केवल कागजों में स्मार्ट सिटी बना है: कुमारी सैलजा  

फरीदाबाद केवल कागजों में स्मार्ट सिटी बना है: कुमारी सैलजा  
kumari selja

Todaybhaskar.com
फरीदाबाद। हरियाणा कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश की कम्प्यूटर क्रांति के जनक और पीढ़ीगत बदलाव के अग्रदूत राजीव गांधी का आधुनिक भारत निर्माण में अहम भूमिका है। उनका विजन सदैव प्रेरणा देने वाला रहा है। देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का और इक्कीसवीं सदी के नए भारत निर्माण की उनकी दूरगामी सोच अविस्मरणीय है। उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजीव जी आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका विजन हम सबको आज भी प्रेरणा देता है।
कुमारी सैलजा गुरूवार को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर फरीदाबाद में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थी।
सर्वप्रथम कांग्र्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने ओल्ड फरीदाबाद स्थित राजीव गांधी चौक स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत कुमारी सैलजा साहूपुरा पहुंची, जहां उन्होंने दलित परिवार के साथ हुई दुखद घटना के लिए परिवार को ढांढस बंधाया और सरकार पर जमकर आरोप लगाए। इसके बाद कुमारी सैलजा सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल ग्रीन पार्क पहुंची, जहां विशाल रक्तदान शिविर में भाग लेकर उन्होंने रक्तदाताओं की हौंसला अफजाई गई।
इस मौके पर कांग्रेसी नेता लखन सिंगला, विधायक नीरज शर्मा, पूर्व विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, पूर्व विधायक आनंद कौशिक, रेडक्रास की चेयरमैन सुषमा गुप्ता, पूर्व मेयर अशोक अरोड़ा, पूर्व वरिष्ठ उपमहापौर मुकेश शर्मा, पूर्व महासचिव बलजीत कौशिक, प्रवक्ता योगेश ढींगड़ा, प्रदेश कोर्डिनेटर गौरव ढींगडा आदि मौजूद थे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने मनोहर सरकार के भ्रष्टाचारमुक्त शासन के नारे पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि फरीदाबाद नगर निगम में हुए 50 करोड़ के घोटालों की फाईलें जला दी जाती है और इस घोटाले को दबा दिया जाता है|
सैलजा ने कहा कि फरीदाबाद केवल कागजों में स्मार्ट सिटी बना है, जबकि मामूली बरसात ने इस शहर के विकास की पोल पूरी तरह से खोल दी है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं दिल्ली से जब फरीदाबाद में पहुंची तो ऐसी कोई सडक़ उन्हें नहीं दिखी, जो जलमग्र न हो। भाजपा केवल स्मार्ट सिटी के नाम पर इस शहर को लूटने का काम कर रही है।

LEAVE A REPLY