तरूण सागर महाराज से अनोखी उर्जा मिली है: रामबिलास शर्मा

तरूण सागर महाराज से अनोखी उर्जा मिली है: रामबिलास शर्मा
कड़वे प्रवचन भाग-8 के अन्तर्गत प्रकाशित विशेषांक पत्रिका का विमोचन करते हरियाणा प्रदेश के शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा।

todaybhaskar.com
faridabad| आज की भागदौड़ भरी जिन्दगी के बीच संस्कार-विहीन होते जा रहे समाज में मुनिश्री तरूण सागर महाराज जैसे महान संत के प्रवचनों से हम सभी को एक अनोखी ऊर्जा मिलने के साथ-साथ हमारे प्राचीन संस्कारों से जुडऩे का अवसर भी मिलता है।
यह उद्गार हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने आज यहां स्थानीय सैक्टर-17 स्थित माडर्न स्कूल के भगवान महावीर सभागार में क्रांतिकारी राष्ट्रसंत जैन मुनिश्री तरूण सागर जी महाराज चातुर्मास समिति फरीदाबाद द्वारा मुनिश्री के सान्निध्य में आयोजित ‘तरूण क्रान्ति अवार्ड-2015’ के समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए प्रकट किए। इस मौके पर छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री राजेश मोनक, विधायक मूलचन्द शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता नयनपाल रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय गौड़, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया, डी.सी.पी. सैन्ट्रल राजेश दुग्ल, उक्त समिति के अध्यक्ष अजय जैन व स्कूल के निदेशक एस.डी. जैन प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुनिश्री तरूण सागर जी बोलते हैं तो ऐसा लगता है कि हमारा राष्ट्र भारत बोल रहा हो। उन्होंने श्री तरूण सागर का हरियाणा सरकार की ओर से स्वागत व्यक्त करते हुए उनसे आगामी प्रवचन कार्यक्रम अम्बाला या चण्डीगढ़ में आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महाराज श्री तरूण सागर जी की वाणी ने लोगों को नवजीवन प्रदान करने का कार्य किया है। हम सभी इस कलयुग में महाराज तरूण सागर जैसे महान राष्ट्र संत  के वचन सुनकर धन्य हैं। श्री रामबिलास शर्मा नें मुनि श्री तरूण सागर को 11 लाख रूपये की राशि हरियाणा सरकार की ओर से गाय बचाओ-बेटी बचाओ अभियान में आर्थिक एवं सम्मान सहयोग स्वरूप देने की घोषणा की। शिक्षा मंत्री ने मुनिश्री के कड़वे प्रवचन भाग-8 के अन्तर्गत प्रकाशित अक्तूबर-नवम्बर विशेषांक पत्रिका का विमोचन भी किया।
मुनिश्री तरूण सागर ने अपने प्रवचन में कहा कि हर व्यक्ति को चिन्तन, मां-बाप के संस्कार व सम्मान, आत्मविश्वास, अतिथि के सम्मान, राष्ट्रभक्ति व परमार्थ भाव को अपनाने की अत्यन्त आवश्यकता है तभी जीवन सार्थक बन सकता है।
समारोह में ‘तरूण क्रान्ति अवार्ड-2015’ से मीडिया के क्षेत्र में अनूठा योगदान देने के लिए सम्मानित किए गए सुदर्शन न्यूज चैनल के निदेशक सुरेश चव्हाण के. ने अवार्डस्वरूप मिली एक लाख रूपये की राशि में अपनी ओर से 10 लाख रूपये मिला कर कुल 11 लाख रूपये की दानराशि मुनिश्री तरूण सागर को वापिस भेंट की। कोलकाता से आए डॉ. चिरंजीलाल बगड़ा व जबलपुर से आए सुरेश जैन ‘सरल’ को समाजसेवी में अनूठे योगदान के लिए यह अवार्ड दिया गया। ओसवाल ग्रुप आफॅ इण्डस्ट्रीज के चेयरमैन राजकुमार जैन ने मुनि श्री तरूण सागर जी को पांच लाख रूपये भेंट किए।
इस अवसर पर फरीदाबाद के, एस.डी.एम. महाबीर प्रसाद, स्कूल की प्राचार्या नीलमा जैन, सौरभ जैन, वैभव जैन, ईश्वर दयाल गोयल, एम.के.जैन व बबलू जैन सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY