पूरा देश चाहता है राम मंदिर बने: वेंकैया नायडू

पूरा देश चाहता है राम मंदिर बने: वेंकैया नायडू
venkaiah naidu
केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू

todaybhaskar.com
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि सभी देशवासी अयोध्या में राम मंदिर देखना चाहते हैं। अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए पत्थर लाए जाने की खबरों पर हो रहे बवाल के बीच केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने बुधवार को राम मंदिर बनाने के पक्ष में यह बात कही है। संसद के शीतकालीन सत्र के समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए एक सवाल के जवाब में नायडू ने कहा कि सभी देशवासी राममंदिर चाहते हैं।

गौरतलब है कि मंदिर निर्माण के लिए अयोध्या में पत्थरों को लाए जाने की खबर पर संसद और सड़क पर जमकर बवाल हो रहा है। बुधवार को भी इस मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ। राज्य सभा में राम मंदिर का मुद्दा जनता दल (युनाइटेड) के नेता केसी त्यागी ने उठाया था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सांप्रदायिक तनाव फैलाया जा रहा है। इस पर सरकार ने कहा कि वह इस मामले में अदालत के आदेशों से बंधी है।
त्यागी ने कहा कि अयोध्या में एक बार फिर वैसी ही स्थिति बनाई जा रही है, जैसी पहले थी। तनाव भड़काया जा रहा है। खबरों के अनुसार, राम जन्मभूमि न्यास (ट्रस्ट) ने अयोध्या में उस स्थान पर मंदिर निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है, जहां बाबरी मस्जिद गिराई गई थी। इसका जवाब देते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि उनकी पार्टी इस मामले में अदालत के आदेशों का अनुपालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि पत्थरों को 1990 से ही पॉलिश किया जा रहा है और जिस स्थान पर ऐसा किया जा रहा है, वह विवादित स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। दूसरा, सरकार और भाजपा दोनों का मानना है कि अदालत के निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए और हम ऐसा करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्थर तराशने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। इसका अर्थ यह नहीं है कि राम मंदिर बनाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY