प्रोजेक्ट शक्ति लांच कर महिलाओं को साधने की कोशिश 

प्रोजेक्ट शक्ति लांच कर महिलाओं को साधने की कोशिश 
sharda rathore

Yashvi Goyal
फरीदाबाद। चुनावी वर्ष होने के कारण कांग्रेस मोबाईल एप के द्वारा महिलाओं को साधने की कोशिश की जा रही है। जिसको लेकर आज बल्लभगढ़ स्थित पंजाबी धर्मशाला में प्रोजेक्ट शक्ति लांच किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने एक बटन दबाकर प्रोजेक्ट शक्ति की लांचिंग की। जिसमें एक प्रोजेक्टर के जरिए स्क्रीन पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शक्ति का मोबाइल नंबर 79964 79964 बताते नजर आए।
राहुल गांधी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से कहा कि जी नमस्कार, मैं राहुल गांधी आपके लिए प्रोजेक्ट शक्ति लांच कर रहा हूं। यह नेताओं व कार्यकर्ताओं के बीच की दीवार तोड़ेगा। इस अवसर पर शैलजा ने कहा कि शारदा राठौर दो बार विधायक रही हैं और आने वाले समय में फिर चुनी जाएंगी। राठौर समर्थक खुश हो गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में महिलाओं को मजबूत करने का काम किया जाता है लेकिन आज भाजपा सरकार में महिलाओं के साथ सिर्फ दुव्यवहार हो रहा है। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति होती है। 2014 के चुनाव में जुमलेबाजों ने महिलाओं से झूठे वायदे कर कि वह महंगाई पर लगाम लगाएंगे और सत्ता पर काबिज हो गए लेकिन आज देश की हर महिला का बजट बिगड़ा हुआ है। इतना ही नहीं नोटबंदी का सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ा। घरों में काम-काज करने के बाद महिलाएं पूरा दिन बैंक के बाहर लगी रहती थी। शैजला ने कहा कि ये लोग नेहरू जी के प्रति लोगों के मन में घृणा घोल रहे हैं लेकिन फरीदाबाद के बुजुर्ग जानते हैं कि नेहरू जी कितने लोक प्रिय नेता थे। यह फरीदाबाद शहर नेहरू जी ने ही बसाया था और इस शहर को आज गंदगी से पाटकर वह नेहरू जी से बदला ले रहे हैं।
इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा चौहान, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सीपीएस शारदा राठौर, जिला महिला अध्यक्ष साधना सिंह, गौरव ढींगड़ा, प्रभारी रंजीता मेहता, सीमा जैन, पूर्व जिलाध्यक्ष गुलशन बग्गा, कुणाल भड़ाना, विजय अरोड़ा, कवंर रतन लाल एडवोकेट, ब्रह्मानंद कौशिक  आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

फोटो- बल्लभगढ़ की पंजाबी धर्मशाला में प्रोजेक्ट शक्ति लांच करती सांसद कुमारी शैलजा व अन्य।

LEAVE A REPLY