बम-बम भोले के नारों से गूंजी औद्योगिक नगरी

बम-बम भोले के नारों से गूंजी औद्योगिक नगरी
savan

Yashvi Goyal
फरीदाबाद। श्रावण मास के प्रथम सोमवार को औद्योगिक नगरी बम-बम भोले के नारों से गुंजमयान हो उठी। मंदिरों एवं शिवालयों में भगवान भोले नाथ को प्रसन्न करने के लिए दूध, दही, शहद, घी, शक्कर, बेलपत्र, गंगाजल इत्यादि चीजों से अभिषेक किया गया। मंदिर के कपाट सुबह चार बजे पूजा के बाद ही श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थें। वहीं शिव भक्तों ने सुबह पांच बजे से ही मंदिरों पर आना शुरू कर दिया था। अधिक भीड़ होने के कारण भक्त जय भोले नारों के साथ लाइन में लगकर अपनी बारी आने का इंतजार करते रहे। सैनिक कॉलोनी स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर भक्तों ने भोले का रूद्राभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मंदिर पर भक्तों की लंबी लाइन लगी रही। वहीं व्रतियों ने शाम के समय भी पूजा कर व्रत पूर्ण किया।
एनआईटी पांच स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर के आचार्य संतोष महाराज ने बताया कि श्रावण मास के पहले सोमवार को भगवान भोले की अराधना करने का खास महत्व होता है। जिसको लेकर मंदिर में वेद्य-मंत्रों के उच्चारण के साथ भगवान शिवलिंग का रूद्राभिषेक किया गया। उन्होंने बताया कि शिव भक्तों की मंदिर में पूरे दिन भीड़ लगी रही। भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए कई भक्तों ने एक पांव पर खड़े होकर अराधना की। इस दौरान मंदिर में लंगर-प्रसाद का भी आयोजन किया गया था।
तिकोना पार्क स्थित महारानी वैष्णो देवी मंदिर के प्रधान जगदीश भाटिया ने बताया कि मंदिर में हर साल की तरह इस बार भी धूमधाम से श्रावण मास के पहले सोमवार को भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गई। भगवान शिव का रूद्राभिषेक कर फरीदाबाद वासियों के मंगल की कामना की। उन्होंने बताया कि मंदिर में कांवडियों के लिए भी विशेष प्रबंध किया गया है। वहीं पूजा के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद भी बांटा गया। इसी कड़ी में सेक्टर-16 स्थित गीता मंदिर, सेक्टर-22 स्थित प्राचीन शिव मंदिर, परसोन मंदिर, डबुआ कॉलोनी स्थित श्री राम मंदिर, जवाहार कॉलोनी स्थित माता का मंदिर, काली बाडी मंदिर, एनआईटी तीन स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, हनुमान मंदिर आदि मंदिरों में भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गई। वहीं जगह-जगह लंगर वितरण का आयोजन भी किया गया।

नव विवाहिताओं में दिखा उत्साह                       
श्रावण मास के पहले सोमवार को नव विवाहिताओं में खास उत्साह नजर आया। शादी के बाद पहले सावन पर नवविवाहिताओं ने जोड़े के साथ ढोल-नगाड़ों की थाप पर भगवान शिव पर कलश चढ़ाई। उन्होंने शिव की पूजा कर सदा जोड़ी बने रहने की कामना की।

फोटो-महारानी वैष्णो देवी मंदिर में भगवान शिव को जल चढ़ाते हुए शिव भक्त।

LEAVE A REPLY