बाल सुधार गृह से दो किशोर फरार

बाल सुधार गृह से दो किशोर फरार
faridabad crime news
demo photo

टुडे भास्कर डॉट कॉम
फरीदाबाद। एनआइटी-5 स्थित बाल सुधार गृह से शनिवार को दो किशोर दीवार फांदकर फरार हो गए। इनमें से एक किशोरी पलवल के पहाड़ी गांव और दूसरा अलीगढ़ के वजीदपुर गांव का रहने वाला है।
बाल सुधार गृह अधीक्षक ओमपाल की शिकायत पर पुलिस ने संतरी के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है और फरार किशोरों की तलाश शुरू कर दी है। संगीन अपराधों में लिप्त 18 वर्ष से कम आयु के किशोरों को बाल सुधार गृह में रखा जाता है। फरीदाबाद में हरियाणा का एकमात्र बाल सुधार गृह है।
जांच अधिकारी एएसआइ सत्यवान ने बताया कि यहां विभिन्न जिलों के करीब दो दर्जन किशोर रखे हुए हैं। शनिवार शाम जब अन्य किशोरों ने अपने दो साथी गायब देखा तो इस बारे में सुरक्षा कर्मियों को बताया। तलाश के बाद भी जब किशोरों का कुछ पता नहीं चला तो अधिकारियों को सूचना दी गई। किशोरों के भागने की सूचना मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जांच में पता चला है कि उन्होंने पहले ड्रेनेज का पाइप उखाड़ा। इसे दीवार के साथ टिकाकर इसके सहारे दीवार पर चढ़कर दूसरी ओर फांद गए और फरार हो गए। उन्होंने भागने के लिए उस कोने को चुना, जहां लोगों का आना जाना बहुत कम होता है। माना जा रहा है कि सुधार गृह के बाहर किसी अन्य व्यक्ति ने दोनों बच्चों को भागने में मदद की होगी। एनआइटी थाना प्रभारी सुशील ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और फरार बच्चों की तलाश शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY