13 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट 

13 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट 
tufan

Todaybhaskar.com
Desk| हिमाचल, हरियाणा और राजस्थान समेत 13 राज्यों में मंगलवार को भी आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट है। दिल्ली-एनसीआर में भी शाम तक भारी बारिश की आशंका है। इसकी वजह से यहां दूसरी शिफ्ट वाले स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। उधर, हिमाचल के लाहौल-स्पीति में मंगलवार सुबह बर्फबारी होने से मौसम खुशगवार हो गया है। इससे पहले सोमवार को दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा में धूल भरी आंधी और राजस्थान के बीकानेर में बवंडर आया। इससे सड़कों पर विजिबिलिटी घट गई। कई पेड़ गिरने से वाहनों को नुकसान पहुंचा है।

– जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दो केंद्र शासित प्रदेश- चंडीगढ़ और दिल्ली में गरज-चमक के साथ तूफान और भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी आ सकती है। इसके लिए एंबर कलर की चेतावनी जारी हुई है।

– उधर, हिमाचल प्रदेश के केलॉन्ग में भी अगले 24 घंटे में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है।
– शिमला में तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री नीचे पहुंच गया है। सोमवार को यहां न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री दर्ज किया गया।

70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
– 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं से दिल्ली में कई जगह पेड़ और खंभे गिरने की खबर है। मयूर विहार समेत कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई।

– बता दें कि 2 मई को उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत करीब 14 राज्यों में तेज आंधी-तूफान से 125 से ज्यादा लोग मारे गए थे, जबकि 300 लोग जख्मी हुए थे।

8 फ्लाइट लेट
– दिल्ली में धूलभरी आंधी की वजह से आने वाली सात और जाने वाली एक फ्लाइट लेट हुई।
– ये धूल भरी आंधी दिल्ली समेत रोहतक, भिवानी, झज्जर, गुड़गांव, बागपत, मेरठ और गाजियाबाद में चलीं।

3 राज्यों में 4 की मौत
– मध्य प्रदेश के मुरैना में आंधी के कारण मकान, दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। 15 लोग जख्मी हुए हैं। वहीं, त्रिपुरा में मकान गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। राजस्थान के हनुमानगढ़ में भी एक व्यक्ति की मौत की खबर है।

राजौरी में लैंडस्लाइड में जिंदा दफन हुई लड़की
– जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में बारिश के चलते सोमवार को लैंडस्लाइड हुआ। पुलिस के मुताबिक, इसमें एक लड़की जिंदा दफन हो गई। मृतका की पहचान नौरीन बेगम के तौर पर हुई है। हादसे के वक्त वह पहाड़ी के पास काम कर रही थी। सूचना पर बचाव दल ने मलबा हटाकर शव को बाहर निकाला और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पाकिस्तान से राजस्थान आया बवंडर
– राजस्थान के बीकानेर में खाजूवाला से सटे बार्डर इलाके से शाम को करीब पांच बजे अचानक बवंडर उठा और देखते ही देखते पूरे कस्बे को धूल से पाट दिया। कुछ देर बाद बिल्कुल अंधेरा हो गया। पाकिस्तान की ओर से उठा यह बवंडर साेमवार शाम राजस्थान और फिर वहां से होते हुए देर रात दिल्ली-एनसीआर पहुंचा।

यह हालात इसलिए
– गर्मी के मौसम में यह बदलाव होता ही है। लेकिन इस बार पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) का असर बढ़ा है, हरियाणा के ऊपर हवा का दबाव बना हुआ है। तापमान सामान्य से ज्यादा है। ऊपरी हवा में नमी भी है।

– हर साल इन दिनों में सबसे पहले यूरोप और अफ्रीका के बीच स्थित भूमध्य सागर (मेडिटेरियन सी) में 25 डिग्री से ज्यादा तापमान होने पर उठता है। वहां से यह तुर्की, इराक, ईरान से होता हुआ जम्मू-कश्मीर पहुंचता है। यहां पहाड़ों से टकराकर यह दिल्ली की तरफ मुड़ जाता है। इसके बाद यह रास्ते में आने वाले देश के हर राज्य में असर डालता है। 4 प्वॉइंट में जाने इसकी चाल।

क्या है एंबर कलर चेतावनी?
चेतावनी के 4 ग्रेड को अलग-अलग कलर कोड से दर्शाया जाता है।
1. ग्रेड ग्रीन: इस चेतावनी में कोई एक्शन लेने की जरूरत नहीं होती।
2. ग्रेड यलो: स्थिति पर नजर रखी जानी होती है।
3. ग्रेड एंबर: सरकारी एजेंसियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा जाता है।
4. ग्रेड रेड:एजेंसियों को एक्शन लेना होता है।

LEAVE A REPLY