राज्य मंत्री ने की अधिकारियों से कार्य प्रणाली में पारदर्शिता की अपेक्षा

राज्य मंत्री ने की अधिकारियों से कार्य प्रणाली में पारदर्शिता की अपेक्षा
फरीदाबाद के लघु सचिवालय में जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर।
टुडे भास्कर डॉट कॉम 
फरीदाबाद। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने अधिकारियों से उनके विभागीय कार्यों मेंं पूर्ण पारदर्शिता की अपेक्षा करते हुए कहा कि कार्यों के निष्पादन व निपटान में समयबद्धता अति अनिवार्य हो। विभागों द्वारा जनता को दी जाने वाली सेवाएं सही रूप में समय पर उपलब्ध करवाना अधिकारी व कर्मचारियों का प्रथम कत्र्तव्य है।
लघु सचिवालय में जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य मंत्री ने अधिकारियों को कहा कि फरीदाबाद के शहरी क्षेत्र के साथ-साथ समानांतर रूप से ग्रामीण क्षेत्रों का भी योजनाबद्ध रूप से विकास किया जाना है। लोगों का जीवन स्तर ऊपर उठाने तथा उन्हे सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए अधिकारी वर्ग अच्छी योजनाएं तैयार करें। वर्तमान में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं को समय सीमा के भीतर पूर्ण करवाएं। अधिकारी वर्ग नियमित रूप से विकास योजनाओं व जनकल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण व समीक्षा अवश्य करें।
राज्य मंत्री ने निर्देश दिए कि फरीदाबाद नगर निगम क्षेत्र तथा जिला के ग्रामीण क्षेत्र में सभी सडक़ मार्गों की मरम्मत करवाई जाए। सफाई-स्वच्छता कार्यक्रम के साथ-साथ जल संरक्षण व सदुपयोग बारे भी विशेष अभियान चलाया जाए। पेयजल आपूर्ति की किसी भी बड़ी या छोटी योजना के क्रियान्वयन में विलम्ब न किया जाए। पेयजल आपूर्ति योजनाओं के लिए बिजली कनेक्शन तत्काल जारी किए जाए। फरीदाबाद को स्लम बस्तियों की समस्या से मुक्त करने के लिए योजना तैयार की जाए। नगर निगम क्षेत्र में निकासी व्यवस्था को पुख्ता किया जाए। फरीदाबाद शहर में चौराहों व सडक़ मार्गों के डिवाइडरों के सौन्दर्य करण के साथ-साथ वृक्षारोपण भी  किया जाए। फरीदाबाद नगर निगम क्षेत्र में यातायात के निर्बाध रूप से आवागमन के लिए योजना तैयार की जाए। राज्य मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र की भूमियों पर हुए अतिक्रमण को हटाया जाए। अनाधिकृत कालोनियों का विस्तार रोका जाए।
सम्पतियों के इंतकाल करने में अधिकारी वर्ग बिल्कुल भी विलम्ब न करें। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि लाभ पात्रों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए। शारीरिक व मानसिक रूप से असहाय व्यक्तियों का सर्वेक्षण किया जाए।  विकलांग व्यक्तियों के प्रमाण-पत्र जारी करने में स्वास्थ्य विभाग कोई विलम्ब व लापरवाही न करें।
राज्य मंत्री ने जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक की कार्य सूचि में शामिल महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्यक्रम, इंदिरा आवास योजना, प्रियदर्शिनी आवास योजना, प्रधान मंत्री ग्राम सडक़ योजना, स्वच्छ भारत अभियान, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, संसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, प्रधान मंत्री जनधन योजना व सांसद आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा की।
बैठक में विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक सीमा त्रिखा, विधायक नगेन्द्र भड़ाना व विधायक टेकचन्द शर्मा मौजूद थे। समिति के मनोनित सदस्यों में हंसराज आहुजा व मोतीलाल गुप्ता मौजूद थे।
उपायुक्त विजय सिंह दहिया ने राज्य मंत्री को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकारी विभागों द्वारा नागरिकों को दी जाने वाली सेवाएं समय पर उपलब्ध करवाई जाती रहेंगी। सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन समय पर किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला ग्रामीण विकास अधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश यादव ने समिति की बैठक की कार्य सूचि में शामिल विषयों का विवरण राज्य मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। बैठक में फरीदाबाद के उपमण्डल अधिकारी (ना.) महाबीर प्रसाद, बल्लबगढ़ के उपमण्डल अधिकारी (ना.) मुकुल कुमार तथा विभिन्न विभागों व नगर निगम के अधिकारी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY