इलाज न मिलने पर तड़प रहे मरीज़

इलाज न मिलने पर तड़प रहे मरीज़
nhm karmchari hadtal

-पिछले दस दिन से चरमरा गई स्वास्थ्य सेवाएं
-सर्व कर्मचारी संघ ने हड़ताल को दिया समर्थन
todaybhaskar.com
faridabad। नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम)के तहत कार्यरत कर्मचारियों की हड़ताल बृहस्पतिवार को भी जारी रही। हड़ताल के कारण शहर में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। जिला बीके अस्पताल से लेकर शहर की विभिन्न डिस्पेंसरियों में मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। जिला बीके अस्पताल में इलाज के लिए आ रहे गंभीर मरीजों को सफदरजंग किया जा रहा है।
समान काम समान वेतन की मांग को लेकर हड़ताल पर बैठे एनएचएम कर्मचारी मांग पूरी करने पर अड़े हुए हैं। हालांकि अस्पताल में धारा 144 लागू होने के कारण हड़तालियों ने धरना अस्पताल के बाहर दिया। अस्पताल में भर्ती मरीजों की शिकायत है कि वह पिछले पांच से छह दिन से अस्पताल में भर्ती हैं लेकिन उनका कोई इलाज नहीं किया जा रहा है। अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं तो छोड़ो सफाई व्यवस्था तक चरमरा गई है। एंबुलेंस कक्ष में एंबुलेंस सुविधा के लिए फोन आता रहा लेकिन कोई फोन नहीं उठाया गया।
———-
क्या कहते हैं मरीज
मैं गर्भवती हूं। उच्च रक्तचाप होने के कारण सुबह आठ बजे अस्पताल में इलाज के लिए आई थी। पांच घंटे बीत जाने के बाद भी मेरी जांच नहीं की गई। लेकिन डॉ. ने मेरी हालत देखकर भी मेरा इलाज शुरू नहीं किया।
गीता, मंझावली निवासी
———–
रक्त की कमी के कारण मुझे बुधवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रक्त कमी के कारण मेरी हालत बहुत खराब है। मुझसे चला भी नहीं जा रहा है। इसके बावजूद भी कल से मेरा इलाज नहीं किया जा रहा है। डॉ. से शिकायत की गई तो उन्होंने यह कहकर भगा दिया कि अस्पताल में हड़ताल चल रही है। यहां कोई इलाज नहीं होगा।
आशा, एनआईटी तीन निवासी
———–
मेरे बेटे को दो दिन से उल्टी हो रही थी। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद भी इलाज नहीं किया गया। जब मैंने अस्पताल के बड़े साहब से इलाज न मिलने की शिकायत की तो बेटे को दवा दी गई। बेटे के बैड के आस-पास बहुत ज्यादा गंदगी है। ऐसे में तो और ज्यादा बीमारी फैलने का खतरा बढ़ रहा है।
सत्तू, तीमारदार, बल्लभगढ़
——
उपायुक्त कार्यालय पर धरने की दी चेतावनी
एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल को सर्व कर्मचारी संघ ने समर्थन देते हुए संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा ने कहा कि यदि बृहस्पतिवार को मीटिंग में कर्मचारियों की मांग को पूरा नहीं किया गया तो वह शुक्रवार से उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की जायज मांग पूरी नहीं कर रही है। सरकार का यह रूख मरीजों के लिए परेशानी बन रहा है।
————
अस्पताल प्रशासन की ओर से ड्राइवर की भर्ती की जा रही है। अभी अस्पताल के पास सात एंबुलेंस ड्राइवर हैं। एंबुलेंस सुविधा मरीजों को दी जा रही है। सभी को समय पर इलाज मिल रहा है।
डॉ. रमेश चंद्र, डिप्टी सिविल सर्जन, जिला बीके अस्पताल

LEAVE A REPLY