उन्नाव और कठुआ में गैंगरेप के बाद राहुल उतरे सड़कों पर

उन्नाव और कठुआ में गैंगरेप के बाद राहुल उतरे सड़कों पर
rahul gandhi

Todaybhaskar.com
Desk| उन्नाव और कठुआ में बच्चियों के साथ हुए गैंगरेप के बाद मामला राजनीतिक रूप ले चुका है। आरोप प्रत्यारोप के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने न केवल देश को बल्कि राजनीतिक विपक्षी पार्टियों को भी तब सकते में डाल दिया जब वह आधी रात को इंडिया गेट तक हाथ में कैंडल लिए सड़क पर उतर आए। उनके साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी और जीजा रॉबर्ट वाड्रा भी थे।
वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी ने एक बार फिर ट्वीट कर पीएम मोदी से सवाल पूछे हैं। उन्होंने पीएम मोदी से महिलाओं की सुरक्षा के मामले पर चुप्पी तोड़ने को कहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी आपकी चुप्पी अब गवारा नही है। राहुल ने ट्वीट कर दो सवाल भी किए हैं- उन्होंने पूछा कि देश में महिलाओं और बच्चों के प्रति बढ़ रही हिंसा के मामले में आपका क्या सोचना है?
वहीं उन्होंने यह भी पूछा कि राज्यों में बलात्कारियों और हत्यारों को क्यों सुरक्षा दी जा रही है। देश ये जानना चाहता है। इस मामले को तूल देते हुए राहुल ने एक नया मोड़ दे दिया है। उन्होंने पूरे देश के प्रदेश अध्यक्षों से कहा है कि वह अपने राज्यों की राजधानी में कैंडल मार्च निकालें।

राहुल गांधी ने  रेप कांड के विरोध में बृहस्पतिवार आधी रात को इंडिया गेट पर कैंडल मार्च निकाला था। कैंडल मार्च कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड से शुरू होकर इंडिया गेट पर खत्म हुआ।
इस मार्च में  कांग्रेस के बड़े नेता भी शामिल हुए थे। कल रात आयोजित हुए इस कैंडल मार्च की पुलिस को देर शाम तक कोई सूचना नहीं थी। राहुल के ट्वीट के बाद ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रात को दस बजे ट्वीट कर कैंडल मार्च की घोषणा की और लोगों से शामिल होने की अपील की। उन्होंने लिखा कि लाखों भारतीयों की तरह मेरा हृदय भी दुखी है। महिलाओं के साथ जो हो रहा है भारत उसके साथ आगे नहीं बढ़ सकता है।
उन्होंने इस मौके पर कहा कि  हिंदुस्तान की महिलाएं डर के साए में जीने को मजबूर हैं। भारत की महिला सड़क पर उतर कर अपनी जिंदगी शांति से जी सके, ऐसा कुछ करना होगा, उन्होंने आगे कहा था कि यह राष्ट्रीय मामला है राजनीतिक मामला नहीं है।

LEAVE A REPLY